फिल्म निर्माता और निर्देशक प्रियदर्शन इन दिनों हैवान और हेरा फेरी 3 जैसी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं और एक अन्य फिल्म की भी प्लानिंग है, जो उनकी 100वीं फिल्म होगी। इन फिल्मों के बाद वह संन्यास लेने की योजना बना रहे हैं।
दिग्गज फिल्म निर्माता और निर्देशक प्रियदर्शन ने अपने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं और इन दिनों तीन अन्य फिल्मों पर काम कर रहे हैं। प्रियदर्शन बॉलीवुड की कुछ सबसे प्रतिष्ठित कॉमेडी फिल्में देने के लिए भी मशहूर हैं। इस बीच उनका कहना है कि वह आने वाले समय में संन्यास ले सकते हैं। प्रियदर्शन के अनुसार अपने कुछ प्रोजेक्ट जिनमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल स्टारर ‘हेरा फेरी 3’ भी शामिल है, को पूरा करने के बाद फिल्म निर्माण से रिटायरमेंट लेने की योजना बना रहे हैं। इन दिनों प्रियदर्शन ‘हैवान’ में व्यस्त हैं, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आएंगे। इसके अलावा वह साउथ सुपरस्टार मोहनलाल के साथ एक फिल्म बनाने की भी योजना बना रहे हैं, जो उनकी 100वीं और आखिरी फिल्म हो सकती है। इसके बाद वह रिटायरमेंट ले सकते हैं।
